Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

रविवार, 31 मई 2020

130 सैंपल में से 3 पॉजिटिव, काेविड सेंटर से पांच काे छुट्टी

130 सैंपल में से 3 पॉजिटिव, काेविड सेंटर से पांच काे छुट्टी
बाड़मेर : जिले में शनिवार को कोरोना 130 संदिग्धों के सैंपल लिए गए। इनमें से तीन लोग पॉजिटिव पाए गए है। अन्य सभी निगेटिव हैं। सीएमएचओ डॉ. कमलेश चौधरी ने बताया कि अब तक जिले में 5650 लोगों की सैंपलिंग की गई है।
शनिवार को तीन मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, इनमें उमरलाई, कनाना और करमावास से एक-एक पॉजिटिव आए हैं। जिले में अब आंकड़ा सौ हो गया है। इनमें से 62 मरीज ठीक होकर वापस अपने घर चले गए हैं। अब 38 एक्टिव केस रहे हैं।
पीएमओ डॉ. बीएल मसूरिया ने बताया कि कोविड सेंटर में भर्ती पांच मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें छुट्टी दी गई। इनमें से चार एक ही परिवार के हैं। अब कोविड सेंटर में नौ मरीज भर्ती हैं। सिवाना क्षेत्र के करमावास निवासी एक व्यक्ति 13 दिन पहले मुंबई के धारावी से आया था।
इसके बाद स्क्रीनिंग कर उसे होम आइसोलेट कर दिया था। 26 मई को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लिया। शनिवार को रिपोर्ट आई जिसमें पॉजिटिव आया है। सैंपलिंग के बाद उसे कोविड केयर सेंटर समदड़ी में रखा गया था। विभाग की टीमें उसके संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कर रही है।
6 साल के इस मासूम ने हरा दिया कोरोना
बाड़मेर कोविड केयर सेंटर में भर्ती पांच मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें शनिवार दोपहर बाद छुट्टी दी गई। इनमें से गांधी नगर निवासी शंकर लाल उनकी पत्नी विमला, बेटी रेणू एवं पुत्र जतिन शामिल हैं। ये सभी लोग मुंबई से आए थे।
इनके पड़ौस में ही शंकर लाल की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद ये स्वयं जिला अस्पताल सैंपल देने के लिए पैदल ही पहुंचे थे। इनकी रिपोर्ट पॉजिटव आने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों की सैंपलिंग की गई। जिसमें सभी पॉजिटिव आए। अब निगेटिव होने के बाद वापस घर पहुंचने पर मोहल्लेवासियों ने स्वागत किया।