भवन निर्माण मजदूर यूनियन सीटू जिला कमेटी की ओर से निर्माण मजदूरों को दो साल से शुभशक्ति व अन्य योजनाओं की सहायता जारी नहीं करने के विराेध में आक्राेश रैली का आयाेजन किया गया। किशनसिंह ढाका स्मृति भवन से रैली निकालकर श्रम विभाग पर प्रदर्शन कर आम सभा का आयोजन किया।
सीटू के जिला महामंत्री बृजसुंदर जांगिड़ ने कहा कि 12986 आवेदन शुभ शक्ति योजना में स्वीकृत किए। जिनमें से 1700 श्रमिकों की पुत्रियों को 55 हजार रुपए की सहायता जारी हो चुकी है। बाकी श्रमिक दो साल से सहायता का इंतजार कर रहे हैं। किंतु उनको सहायता जारी नहीं हो रही है। विभाग द्वारा ही स्वीकृत आवेदनों की दोबारा जांच की जा रही है। श्रम विभाग की कार्यशैली से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है और दलाल गिरोह सक्रिय होकर श्रमिकों को आसानी से ठगने में कामयाब हो जाते हैं।
सीटू जिला महामंत्री सोहन भामू ने कहा कि जल्दी ही समस्याओं का निदान नहीं हुआ तो नवंबर में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। ओमप्रकाश यादव ने बताया कि जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा, गैर आयकर दाता परिवार को छ माह तक 7500रूपये प्रतिमाह राहत पैकेज आदि की मांग करते हुए कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया। इस अवसर पर, रतन सिंघल, सुरेंद्र आंतरी,ओमप्रकाश गुर्जर, सांवरमल यादव सहित कई लोग शामिल थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today