नकली घी के कारोबार से जुड़े आरोपी सरस घी के खाली टिन में घी भरकर सप्लाई करते थे। नीमकाथाना में पकड़े गए नकली घी के 19 टिन में तीन टिन पर सरस का मार्का मिला है। ग्राहकों को मार्का वाले टिन दिखाकर आरोपी सरस घी के नाम पर नकली घी बेचते थे। ग्राहकों को धोखा देने के लिए आरोपी नकली घी को सरस ब्रांड के पुराने टिन में भरते थे। उसके बाद सरस ब्रांड का घी होना बताकर सप्लाई कर देते थे।
पूछताछ में आरोपी रणजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह पहली बार नकली घी की सप्लाई देने नीमकाथाना आया था। वहीं पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली थी कि एक साल से अलवर से नीमकाथाना में नकली घी सप्लाई हो रहा है। अब पुलिस की विशेष टीम अलवर भेजी गई है। वहीं आरोपी रणजीत सिंह की कॉल डिटेल निकाली जा रही है। उसके कारोबार से जुड़े लोगों की जानकारी मिल सकेगी। नकली घी पकड़े जाने के बाद से कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today