सीतापुर. जनपद सीतापुर में भीषण अग्निकांड की घटना से एक कस्बे में कोहराम मच गया। चूल्हे से निकली चिंगारी ने आग का विकराल रूप ले लिया। आग की बेकाबू लपटों में पांच वर्षीय एक बच्ची की जलकर मौत हो गयी वहीं दंपत्ति सहित तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए।इस भीषण अग्निकांड से गांव का एक छोटा मजरा ही जमकर खाक हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक आग से 19 घर जलकर खाक हो गए और उसमें रखा नगदी सहित तकरीबन 20 लाख रुपये की कीमत के माल का नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन ने मृतक और पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया हैं और तात्कालिक तौर पर बेघर हुए लोगों के रहने की समुचित व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया है।
अचानक लगी आग से मचा हड़कंप
घटना तंबौर थाना इलाके की है। यहां के मजरा सेतुही निवासी मुकेश के घर अचानक आग लग गयी। मिली जानकारी के मुताबिक,मुकेश जब तक आग पर काबू पाता तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया था। ग्रामीण जब तक कुछ समझ पाते तब तक आग ने पूरे गांव को अपने आगोश में ले लिया। इस दौरान मुकेश की पांच वर्षीय बेटी पूनम की आग में जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि गांव के ही सर्वेश और उसकी पत्नी शांति देवी व तीन साल की बच्ची भी आग में गंभीर रूप से झुलस गयी। स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया। आग लगने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हर संभव मदद का भरोसा
घटना के बाद राजस्व की टीम ने मौका मुआयना किया और आग से हुए नुकसान का आंकलन किया और पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना हैं कि मृतका के परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गयी हैं और अन्य पीड़ितों को रहने,खाने और आर्थिक सहायता दी जा रही हैं। फायरकर्मी एन.पी.सिंह के मुताबिक आग से तकरीबन नगदी सहित 20 लाख रुपये कीमत के सामान जलकर खाक हुआ हैं। आग से झुलसे पीड़ितों का इलाज अस्पताल में जारी है।
source https://www.patrika.com/sitapur-news/fire-in-19-house-five-year-girl-death-sitapur-news-6758850/