Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

सोमवार, 22 मार्च 2021

कांग्रेस विधायक ने कहा- महाराष्ट्र में कांग्रेस को समर्थन वापस लेना चाहिए, अगाड़ी सरकार पिछड़ती जा रही है

भोपाल. एंटीलिया केस में मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर ने लेटर के जरिए महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों को लेकर महाराष्ट्र के साथ-साथ देश में भी सियासत तेज हो गई है। मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने भी महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए।

क्या कहा लक्ष्मण सिंह ने
चचौड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह ने कहा- अगर 100 करोड़ प्रति माह मुंबई पुलिस के माध्यम से महाराष्ट्र के गृह मंत्री वसूल रहे हैं और अगर यह सत्य है, तो देशमुख "देश" के "मुख" नहीं हो सकते। लगता है "अगाड़ी सरकार" पिछड़ती जा रही है, कांग्रेस को समर्थन वापस लेना चाहिए।

कमलनाथ सरकार भी बोला था हमला
मध्यप्रदेश में जब कमलनाथ की सरकार थी तब लक्ष्मण सिंह कमलनाथ पर भी हमला बोल चुके थे। उन्होंने कमलनाथ सरकार के एक साल पूरे होने पर हमला करते हुआ कहा था- एक साल में मध्यप्रदेश बेमिसाल नहीं हुआ है। प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर हमला बोलते हुए लक्ष्मण सिंह ने कहा था कि आज प्रदेश की हालत बदहाल है। ग्रामीण क्षेत्रों में कोई भी डॉक्टर जाने को तैयार नहीं है क्योंकि वहां सुविधाएं नहीं हैं।

बजट पर भी दी थी प्रतिक्रिया
लक्ष्मण सिंह ने केन्द्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि देश, प्रदेश का बजट पारित होते ही समीक्षा करना उचित नहीं है। समीक्षा एक वर्ष बाद करना चाहिए। अगर उसमें खामियां हैं, तो उजागर करें, अन्यथा शुरू में आलोचना कर एक निराशा का वातावरण बनाना उचित नहीं है।



source https://www.patrika.com/bhopal-news/mla-said-congress-should-withdraw-support-in-maharashtra-6758869/