Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

सोमवार, 26 अप्रैल 2021

कोरोना का कहर : 565 संक्रमित, छह जिंदगियां हारी

पाली। जिले में कोरोना कहर बरपा रहा है। जिले में अब तक एक ही दिन में सबसे अधिक 6 मौत रविवार को हुई। इधर, जोधपुर में भी जैतारण के रहने वाले तीन जनों की मौत कोरोना के कारण हुई है। जिसे पाली के आंकड़ों में शामिल नहीं किया गया है। जिले में एक बार फिर संक्रमितों का आंकड़ा 500 को पार कर गया और 565 रहा। हालांकि चिकित्सा विभाग जयपुर की ओर से जारी कोरोना बुलेटिन में 667 संक्रमित बताए गए है, लेकिन पत्रिका ने 133 मरीज एक दिन पहले ही अधिक बता दिए थे। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज की ओर से जारी सूची में आए संक्रमितों को मिलाकर यह आंकड़ा 565 रहा।

दूसरी लहर लील रही जिंदगियां
कोरोना की दूसरी लहर में मरने वालों की संख्या बहुत अधिक है। बांगड़ मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में ही एक ही दिन में 12 जनों की मौत हुई। इनमें से 6 संक्रमित और अन्य संदिग्ध थे। इनमें से कुछ ऐसे भी है, जिनकी आरटीपीसीआर रिपोर्ट नेगेटिव है, लेकिन सिटी स्कैन के स्कोर अधिक है। ऐसे में उनको कोरोना पॉजिटिव नहीं माना जा रहा है।

जेल वार्ड के बेड से मरीज किए शिफ्ट
बांगड़ चिकित्सालय में मरीजों की संख्या बढऩे पर जेल वार्ड में भी कोविड के बेड लगाए गए थे। वहां भर्ती मरीजों को अन्य वार्डों में शिफ्ट कर दिया गया है। जिससे किसी अपराधी के आने पर उसे वहां पर भर्ती किया जा सके। अस्पताल में ही एक 18 बेड का वार्ड बनाने की कवायद भी की जा रही है।

एक भी बेड खाली नहीं
बांगड़ चिकित्सालय में कोविड के 289 बेड कर दिए गए है। इनमें से एक भी बेड खाली नहीं है। इस कारण कोविड ओपीडी में आने वाले मरीजों को समय पर बेड नहीं मिले। कई मरीजों को बेड के इंतजार में फिर गैलेरी में बैठाकर और लिटाकर ऑक्सीजन देनी पड़ी।

प्रशासन छिपा रहा आंकड़े
प्रदेश में पाली जिला ही शायद ऐसा है, जहां पर प्रशासन की ओर से कोरोना के आंकड़े छिपाए जा रहे है। सीएमएचओ या कलक्टर की ओर से कोरोना संक्रमितों के आंकड़े जारी नहीं किए जा रहे। मौतों का आंकड़ा भी नहीं बताया जा रहा है। स्थिति यह है कि बांगड़ चिकित्सालय आदि में इसके लिए बनाए गए वॉर रूम में भी सही आंकड़े नहीं आ रहे है।

कोरोना मीटर
2 लाख 34 हजार 709 सेम्पल की जांच अब तक
15 हजार 600 लोग अब तक आए पॉजिटिव
62 जनें को शनिवार को किया गया डिस्चार्ज
3138 एक्टिव केस अब जिले में
155 की अब तक जिले में मौत

इन जगहों पर हुई मौत
रानी में एक
सुमेरपुर में एक
पाली शहर में दो
खैरवा गांव में एक
निमाज में एक

रोहट क्षेत्र में 57 संक्रमित
रोहट। रोहट में रविवार की रिपोर्ट में 57 जने कोरोना संक्रमित मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार रोहट में 7 जने, बागडिया में दो, नेहड़ा में एक, सोनाईलाखा में 5, बस्सी में एक, बींजा में 7, वायद में तीन, देवाण में दो, खारड़ा में एक, गरवलिया में दो, सुकरलाई में एक, गढ़वाडा में दो, निम्बली में तीन, दुदली में एक, सवाईपुरा में दो, बांडाई में दो, बीठू में चार, खाराबेरा लूणी में एक, खांडी में एक, सिणगारी में दो, मोरियाा में दो, राणा में एक, गेलावास में दो, चेंडा में एक तथा मालवा में एक जना कोरोना से संक्रमित मिला है।



source https://www.patrika.com/pali-news/565-corona-positive-patients-and-six-dead-in-pali-6817679/