Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

रविवार, 4 अप्रैल 2021

खारा पानी व कचरे से अटी नालियां, नगर परिषद नही कर रही सुनवाई

टोंक. नवाबी रियासत काल के मोहल्ला मोतीबाग में आज भी कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। यहां पर पानी व सफाई के माकूल इंतजाम तक नहीं है।जलदाय विभाग से नल कनेक्शन लेने के बावजूद मोतीबाग के निवासियों को खारे पानी की आपूर्ति हो रही है।


इतना ही नहीं सडक़ें टूटी हुई है, वहीं नालियों की सफाई नहीं होने से कीचड़ से अटी हुई है, जिससे मच्छर पनपने से मौसमी बीमारियां होने की आशंका बनी हुई है।ऐसा भी नहीं है कि यहां के लोगों ने नगर परिषद व उपखण्ड प्रशासन को यहां की समस्याओं के बारे में अवगत नहीं कराया हो, लेकिन समस्याओं से निजात नहीं मिल पाई।

क्या कहते हैं क्षेत्र के नागरिक
मोहल्ले में पानी की समस्या है, सिर्फ आधा घंटे ही मीठा पानी मिलता है, जो पर्याप्त नहीं है। इतना ही नहीं नलों में खारा पानी आने से मजबूरन खारा पानी पीना पड़ता है। मोतीबाग तालाब की पाल रोड के नजदीक ही एक हैंडपंप है, जो भी पिछले छह महीने से खराब है, जिसका पानी खारा है, लेकिन अब वह भी नहीं मिल रहा है।

-रिजवान, चाय की होटल व्यवसायी


पूर्व में सीवरेज के लिए खोदी गई सडक़ों की अभी तक मरम्मत भी नहीं हो पाई है। इसके अलावा अन्य सडक़ें भी जगह-जगह से टूट चुकी है, लेकिन न तो नगरपरिषद न ही कोई अन्य सम्बंधित विभाग ने इनको ठीक कराया। ऐसी हालत में दुपहिया वाहन चालकों ही नहीं बल्कि पैदल राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। -नदीम


न तो सफाई कर्मचारी आते और न ही कोई गन्दगी उठ पाती है। गली वाले खुद ही अपने मकानों के सामने सफ ाई करके गन्दगी उठाते है और दूर फेंक आते है। इतना ही नही गली में रोड लाइट कई महीनों तक बन्द पड़ी रहती है नगर परिषद में कोई सुनवाई नहीं होती।-अब्दुल हनीफ


नगर परिषद के सफाई कर्मचारी तो आते है, लेकिन नालियों की सफाई नहीं होती है, जिससे बीमारियां फेल रही है। मोहल्ले में बाहरी व्यक्तियों का आना-जाना रहता है। ऐसे में झगड़ की आशंका बनी रहती है। पुलिस की न तो दिन में न ही रात में कोई गश्त होती है।-हफीज खान, रिटायर्ड रोडवेज कर्मचारी



source https://www.patrika.com/tonk-news/drains-filled-with-saline-water-and-waste-6779443/