Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

गुरुवार, 1 अप्रैल 2021

प्लान बनाकर भूली नगर परिषद, शहर में खेतों में काट दी कॉलोनियां

टोंक. जिले की नगर निकायों में लोगों की सुविधा के लिए मास्टर प्लान तो बनाए गए, लेकिन उनको लागू नहीं किया गया। इसके चलते लोग नगर निकाय समेत कॉलोनाइजर की ओर से काटी गई कॉलोनियों में बस तो गए, लेकिन उन्हें सुविधा नाम मात्र की भी नहीं मिल रही है।

आलम यह है कि शहर में 190 कॉलोनियां नगर परिषद से स्वीकृत है, लेकिन सुविधाओं की बात की जाए तो वहां हालात उलट है। सुविधा के नाम पर बस बिजली तथा आधी-अधूरी जलापूर्ति ही मिलती है। सडक़, सफाई समेत अन्य मूलभूत सुविधाएं तो कागजों में ही चल रही है। जबकि मास्टर प्लान के तहत सुविधा देने के आदेश उच्च न्यायालय के हैं।

अतिक्रमण से बिगड़ गया शहर का स्वरूप

नियमों के विपरीत शहर में हो रहे निर्माण व अतिक्रमण के चलते शहर का स्वरूप बिगड़ रहा है। इस ओर नगर परिषद ध्यान नहीं दे रही है। जिला प्रशासन भी नगर परिषद के मास्टर प्लान को नजरअंदाज कर रहा है। जबकि निर्माण मास्टर प्लान के तहत होने चाहिए, लेकिन कर्मचारी व अधिकारी मास्टर प्लान को देख नहीं रहे हैं। इससे मास्टर प्लान फाइलों में दब गया है। प्लान के तहत ही अनुमति देता तो ऐसा नहीं होता।


बिगड़ गए शहर के हालात
शहर की सडक़ों की चौड़ाई 40 फीट से अधिक है, लेकिन इस पर करीब 10 फीट तक तो अतिक्रमण कर पक्के निर्माण कर लिए गए। इसके बाद भी दुकानों का सामान इस पर पड़ा रहता है।

डेढ़ दर्जन कॉलोनियां आई सामने
शहर तथा बाहरी इलाकों में खेतों में काटी गई कॉलोनियों के खिलाफ नगर परिषद ने गत दिनों सर्वे कराया था। इसमें सामने आया कि डेढ़ दर्जन कॉलोनाइजर्स ने बिना भू-रूपांतरण समेत ले-आउट प्लान तैयार किए ही कॉलोनियां काट दी। नगर परिषद ने उन्हें चेतावनी भी दी कि नियमन नहीं कराया तो उक्त जमीन नगर परिषद कब्जे में ले लेगी। आयुक्त धर्मपाल जाट ने बताया कि शहर तथा बाहरी इलाकों में दर्जनों कॉलोनियां काटी गई है। नगर परिषद ने गत दिनों सर्वे कराया।

ये होनी चाहिए सुविधा
मास्टर प्लॉन के तहत काटी गई कॉलोनियों में आवास, सार्वजनिक भवन, जनसुविधा केन्द्र, सडक़, मनोरंजन केन्द्र, पार्क, उद्योग, व्यवसाय, बाजार व स्कूल आदि के लिए जगह चिह्नित होनी चाहिए। जबकि जिले में एक भी कॉलोनी इस नियमों की पालना नहीं कर रही है। हालात ये हैं कि लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।



source https://www.patrika.com/tonk-news/municipal-council-made-a-plan-6774199/