Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

मंगलवार, 27 अप्रैल 2021

जान से मारने की धमकियों पर कटारिया ने दर्ज कराया मामला

उदयपुर. राजसमंद उपचुनाव के दौरान कुंवारिया में आयोजित चुनावी सभा में विवादित भाषण के बाद विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया को जान से मारने की धमकियां मिल रही थी। इसी को लेकर कटारिया ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सुखेर थाने में मामला दर्ज कराया।
कटारिया ने आईजी, एसपी को परिवाद दिया था। इस पर 21 अप्रेल को परिवाद थाने में भेजा गया। जहां जांच के बाद प्रकरण दर्ज किया गया। रिपोर्ट में कटारिया ने बताया कि कुछ दिनों से उन्हें फोन, मैसेज और सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकियां दी जा रही है। उन्होंने रिपोर्ट के साथ सोशल मीडिया का रिकॉर्ड भी उपलब्ध कराया है। उन्होंने बताया कि कतिपय लोगों की ओर से उन्हें जान से मारने की धमकियां और अपशब्द कहे जा रहे हैं।

रिपोर्ट में उन्होंने उल्लेख किया कि कुंवारिया में चुनावी सभा के दौरान उनकी ओर से आवेश में आकर दिए गए भाषण के बाद सोशल मीडिया पर सर्व समाज से क्षमा याचना की गई। लोगों के सुझाव भी ग्रहण किए। इसके बाद भी उन्हें जान से मारने की धमकियों भरे अपशब्दों के संदेश मिल रहे हैं। इस पर पुलिस ने मानहानि करने, धमकाने और आईटी एक्ट की धाराएं लगाते हुए केस दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि चुनावी सभा के दौरान कटारिया ने भाषण में महाराणा प्रताप का नाम लेते हुए जिस भाषा का प्रयोग किया, उससे लोगों में भारी आक्रोश छा गया। हर तरफ उनका विरोध हुआ। राजनीतिक दलों के साथ ही सर्व समाज की ओर से सड़कों पर प्रदर्शन किया गया। इसके बाद कटारिया की ओर से क्षमा याचना करनी पड़ी।



source https://www.patrika.com/udaipur-news/udaipur-crime-news-1-6819329/