निवाई. राजस्थान पत्रिका की ओर से शनिवार को पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन शांतिनाथ मंदिर परिसर में किया गया। इसमें महिलाओं ने महिला सुरक्षा, मंदिरों की सुरक्षा, बालिकाओं से छेड़छाड़ रोकने, सुगम यातायात सहित विभिन्न मुद्दों पर पुलिस के समक्ष कई सुझाव व प्रस्ताव रखे। साथ ही महिलाओं ने पुलिस का सहयोग करने का संकल्प लिया।
महिलाओं ने पुलिस को शहर में सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा असमाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने के लिए सुझाव दिए। महिलाओं ने पुलिस को यह भरोसा दिलाया कि अपराधिक गतिविधियों करने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाएगी तथा महिला अत्याचार का डर मुकाबला किया जाएगा। महिलाओं ने पुलिस मित्र बनाने की अपील की।
शहर में सुबह-शाम वॉक करने वाली महिलाओं को असमाजिक तत्वों से डर लगता है। इसलिए वह समूह में वॉक पर जाना पड़ता है। फिर भी मन सदैव भय बना रहता है। वॉक के समय झिलाय रोड, अस्सी फीट रोड, खण्देवत रोड, टोंक रोड पर पुलिस कर्मी मोटरसाइकिलों पर गश्त करें, जिससे महिलाएं और लड़कियां निर्भीक होकर शहर में घूम सके और शहर अपराध मुक्त बन सके। नीलू जैन, निवाई
शहर के सभी प्रतिष्ठित मंदिरों के बाहर सुबह-शाम सादा वर्दी में पुलिस कर्मी तैनात रहने चाहिए। इससे अपराधी अपराध करते पकड़े जाए और शहर अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लग सके। भगतसिंह कॉलोनी में शाम को गलियों व स्कूल में कई जने नशा करते करते हैं। नीरा जैन, निवाई
शहर के सार्वजनिक स्थलों पर असमाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है और वह आने जाने वाली महिलाओं व लड़कियों को घूरते हैं, जिससे महिलाओं और लड़कियों को हमेशा डर लगा रहता है। इसलिए सार्वजनिक स्थलों बिना काम बैठे लोगों की पहचान कर कानूनी कार्यवाही की जानी चाहिए।-शशि सौगाणी,निवाई
शहर में महिला सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के लिए पुलिस के विशेष जवान सार्वजनिक स्थलों, मंदिरों, विद्यालयों, महाविद्यालय, बाजारों सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात रहे और संदिग्धों पर पूरी नजर रखे। सुनीता, निवाई
बालिका विद्यालय व महाविद्यालय के समीप बालिकाओं से छेड़छाड़ रोकने तथा फब्तियां कसने वालों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही होनी चाहिए। बालिका विद्यालय व महाविद्यालय के आसपास पुलिस के जवान सादा वर्दी में तैनात किए जाएं।-संजू जौंला, निवाई
शहर के मुख्य मार्गों पर मनचले लडक़े मोटरसाइकिल पर तेज गति से महिलाओं और लड़कियों के पास से निकलते हैं, जिससे हरदम दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। महिलाओं और लड़कियों को अकेले घर से बाहर निकलने में झिझक व भय बना रहता है।-ममता बोहरा, निवाई
पुलिस महिला व आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी तरह से मुस्तैद है। शहर में कहीं भी महिलाओं व लड़कियों से छेड़छाड़ व फब्तियां कसने वालों की सूचना पुलिस को दे। उनके विरुद्ध अवश्य कठोर कार्यवाही की जाएगी। शहर में किसी भी कॉलोनी, मोहल्ले व गलियों में घूमने वाले असामाजिक तत्वों संदिग्धों की सूचना थाने अवश्य दें, जिससे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। महिलाओं व लड़कियों को असामाजिक तत्वों से डरने की आवश्यकता नहीं है। पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे तैयार है। अजय कुमार, थानाधिकारी निवाई
यह आए मुद्दे सामने
मंदिरों के बाहर सादा वर्दी में रहे पुलिस कर्मी
भगतसिंह कॉलोनी में नशे पर लगे रोक
असमाजिक तत्वों का जमावड़ा हटाया जाए
बालिका विद्यालय व महाविद्यालय के समीप बंद हो छेड़छाड़
शहर में महिला सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हो
सुबह-शाम पुलिस कर्मी मोटरसाइकिलों पर करे गश्त
तेज गति के वाहनों पर लगे अंकुश
source https://www.patrika.com/tonk-news/police-should-give-priority-to-women-safety-6779447/