पाली। अमन चैन व शांत रहने वाला मारवाड़ इन दिनों लूट, फायरिंग व हत्या की घटनाओं से चर्चा में भी है और हर कोई परेशान भी है। कोरोना काल में जहां पुलिस जन अनुशासन पखवाड़ा की पालना में जुटी हुई है, वहीं ऐसी वारदातें आमजन में दहशत फैला रही है। शादियों की सीजन के बीच ऐसी वारदातें अमन चैन बिगाड़ रही है। पुलिस के लिए मुश्किलें इसलिए खड़ी हो गई कि वे इनमें उलझी हुई है। परेशान पुलिस आमजन से सहयोग की अपील कर रही है।
केस-1- चार थानों की पुलिस उलझी
औद्योगिक थाना क्षेत्र के सिंधियों की ढाणी में सद्दाम नाम के युवक ने रंजिश के चलते अपने ही रिश्तेदार युवक आनंद नगर पाली निवासी संजय खान की गोली मारकर हत्या कर दी। 40 पुलिसकर्मियों व पांच थानों की पुलिस तीन दिन तक इस मामले में उलझी रही, तब जाकर मामले का राजफाश हुआ। सिंधियों की ढाणी, आनंद नगर क्षेत्र में अब भी दहशत है।
केस-2- तीस लाख की लूट, राजफाश नहीं
शहर के बापू नगर विस्तार में ज्वेलर्स किशन सोनी को बंधक बनाकर तीन जने उसकी दुकान से तीस लाख रुपए का सोना व दो लाख रुपए नकद लूटकर ले गए। वारदात के सात दिन बाद भी राजफाश नहीं हुआ। चार थानों की पुलिस को इसकी जिम्मेदारी सौंप रखी है। पुलिस कोरोना के बीच इसमें उलझी हुई है, इधर, ज्वेलर्स का काम करने वालों में दहशत का माहौल है।
केस-3-हिस्ट्रीशीटर पर फायर, हरियाणा के कई आरोपी फरार
मणिहारी निवासी हिस्ट्रीशीटर जब्बर सिंह राजपूत पर फायर हुआ। वह घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में हरियाणा के शूटर भोला, साजिश का सूत्रधार सुरेश डरी को गिरफ्तार किया। इस मामले में हरियाणा के कई आरोपी अब भी फरार है। गुड़ा एन्दला थाना क्षेत्रों के गांवों में अब भी दहशत का माहौल है। कोरोना के बीच ऐसे मामले पुलिस की मुसीबतें बढ़ा रहे हैं।
आसान नहीं ड्यूटी करना
पुलिस के लिए ड्यूटी करना इन दिनों आसान नहीं रहा है। 40 से अधिक पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में है। इनमें कई अधिकारी भी शामिल है। इनके सम्पर्क में आने वाले पुलिसकर्मी क्वॉरंटीन है। इधर, ऐसी बड़ी वारदातें और कोरोना की ड्यूटी के बीच पुलिस उलझी हुई है।
थानों का कामकाज प्रभावित, स्टाफ थानों में कम
शादियों की सीजन में ज्वेलर्स से लूट की वारदात हुई। इससे सात दिन पहले अनाज व्यापारी गणेशराम से आदर्श नगर में अज्ञात लोगों ने बंदूक दिखाकर लूटने का प्रयास किया। व्यापारी वर्ग परेशान है। पुलिस कोरोना ड्यूटी में व्यस्त है। इस कारण थानों का कामकाज भी खासा प्रभावित हो रहा है। अधिकांश स्टाफ बाहर रहता है, थाने सूने रहते हैं। आमजन की सुनवाई इस समय करना चुनौती बन गया है।
source https://www.patrika.com/pali-news/increased-incidents-of-firing-robbery-and-murder-increase-the-trouble-6829435/