बेंगलूरु. कर्नाटक में कोरोना से चल रही जंग में अग्रवाल समाज की महिलाएं पीडि़त परिवारों के लिए ‘ढाल’ बनकर मैदान में कूद पड़ी हैं और कोरोना की पीड़ा के साथ क्वारंटाइन होने के कारण परेशानी और बदहाली झेल रहे लोगों को राहत पहुंचा रही है।
‘या देवी सर्व भूतेषु मातृ रूपेण संस्थिता, को चरितार्थ करती हुई नारी शक्ति का यह रूप शहर के हजारों कोरोना पीडि़तों के चेहरे पर मुस्कान ला रहा है।
महिलाएं अपने परिवार के साथ क्वारंटाइन हुए कोरोना रोगियों के लिए भी खाना बना रही हैं। टिफिन में भरकर गर्म व पौष्टिक खाना रोगियों तक पहुंचा दिया जाता है। कोरोना के इस निराशा भरे दौर में घर का बना हुआ नि:शुल्क खाना रोगियों को नई हिम्मत, ऊर्जा और आशा-विश्वास दे रहा है। घर के बने हुए खाने का जादू रंग ला रहा है और लोग जल्दी स्वस्थ हो रहे हैं।
प्रतिदिन 2000 से ज्यादा लोगों को लंच और डिनर
अग्रवाल समाज महिला मंडल की अध्यक्ष नेहा डालमिया बताती हैं कि ‘घर का खाना’ नामक इस अनूठी पहल से शुरू में दस महिलाएं जुड़ीं थीं लेकिन अब सौ से ज्यादा लोग जुड़ गए हैं और प्रतिदिन 2000 से ज्यादा लोगों को लंच और डिनर दिया जा रहा है। बेंगलूरु के लगभग सभी इलाकों में यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। घर-घर भोजन बन रहा है और कोरोना से जिंदगी की जंग लड़ रहे अनजान लोगों तक पहुंच रहा है।
डालमिया के अनुसार पहले तो अग्रवाल समुदाय की महिलाएं ही जुड़ी थीं लेकिन अब दूसरे समुदाय के महिला-पुरुष भी जुड़ रहे हैं। इस अभियान से प्रेरित होकर अन्य राज्यों व शहरों में भी लोग ऐसी ही योजना के लिए कदम बढ़ा रहे हैं।
डालमिया कहती हैं, इससे मिलने वाली संतुष्टि अनमोल है। कोई ‘मां अन्नपूर्णा’ बोलता है, कोई ‘भगवान’ कहता है। लोगों का आशीर्वाद मिल रहा है।

डालमिया के अनुसार इस दिशा में पहला कदम 21 अप्रेल को बढ़ाया गया था। पहले दिन ही 250 लोगों को भोजन दिया गया था। अब तो सौ से ज्यादा लोग जुड़ गए हैं। वे बताती हैं कि भोजन की पैङ्क्षकग करने में बच्चे भी हेल्प करते हैं। अग्रवाल समाज, कर्नाटक की अग्रसेवा के तहत घर का भोजन टास्क फोर्स घर-घर पहुंचा रही है।
डालमिया के अनुसार इस पुनीत कार्य में अग्रवाल समाज के अध्यक्ष संजय गर्ग, सचिव विजय सर्राफ, कोषाध्यक्ष सतीश गोयल, महिला मंडल की सचिव लता चौधरी, कोषाध्यक्ष पल्लवी पोद्दार, टीम की सदस्य इंदु टिबरेवाल, सुनीता गर्ग, नीतू सर्राफ, तृप्ति अग्रवाल, सलोनी गुप्ता, शुभांगी अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा है।
अग्रवाल समाज के अध्यक्ष संजय गर्ग, सचिव विजय सर्राफ, कोषाध्यक्ष सतीश गोयल व अन्य पदाधिकारियों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है।
source https://www.patrika.com/bangalore-news/women-made-shield-for-victims-in-battle-from-corona-6824896/