Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

मंगलवार, 18 मई 2021

Tauktae Cyclone: अजमेर को भिगो रही बरसात, मौसम में बढ़ी ठंडक

अजमेर. तौकते चक्रवाती तूफान का असर मंगलवार को नजर आया। वैशाख के मौसम में तेज बरसात ने अजमेर जिले को भिगोया। 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटा के रफ्तार से हवाएं चली। लगातार बरसात और हवा चलने से मौसम में ठंडक हो गई। लोगों को कूलर और एसी बंद करने पड़े। लगातार दूसरे दिन सूरज के दर्शन भी नहीं हुए। दिन के तापमान में बीते दो दिन में 6.1 डिग्री की गिरावट आ गई है।

मंगलवार सुबह 5.30 बजे बौछारों का का दौर शुरू हुआ। सुबह 8 बजे तक कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बरसात का दौर जारी रहा। बादलों के बीच सूरज और अरावली की पहाडिय़ां भी नजर नहीं आई। हाइवे और शहर में कई जगह वाहनों को लाइट जलाकर चलाना पड़ा। अधिकतम तापमान 32.1 और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री रहा।

सड़कों-नालियों में बहा पानी
पुष्कर रोड, कोटड़ा, माकड़वाली रोड, वैशाली नगर, पंचशील, शास्त्री नगर, गंज, दरगाह बाजार, मदार गेट, पुरानी मंडी, नया बाजार, आदर्श नगर, नसीराबाद रोड, धौलाभाटा, गुलाबबाड़ी, राजा साइकिल, बिहारी गंज, रामगंज, केसरगंज, अजयनगर सहित सभी इलाकों में बरसात ने भिगोया। घरों से निकला पानी नालियों और सड़कों में बहता रहा। शहर के विभिन्न नालों से बहता पानी आनासागर में पहुंचा। मौसम विभाग ने सुबह 8.30 बजे 5 मिलीमीटर बरसात दर्ज की।

सड़कों पर सन्नाटा

लॉकडाउन के बावजूद रोजाना परचूनी की दुकान, फल-सब्जी मंडी और ठेलों पर खरीददारी जारी थी। लेकिन बरसात के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखा। लोग चौपहिया वाहनों में आवश्यक कार्यों के लिए निकले। राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को रेनकोट और छाते निकालने पड़े। कई घरों और आवश्यक सेवाओं वाले दफ्तरों में एसी और कूलर बंद करने पड़े।

आज भी मौसम खराब
मौसम विभाग के अनुसार तौकते तूफान का असर बुधवार को भी बना रह सकता है। इससे मैदानी इलाकों में बरसात, तेज हवाओं संग अंधड़ चलने की संभावना है। बरसात और बादल छाने से तापमान में गिरावट का दौर बना रहेगा।



source https://www.patrika.com/ajmer-news/tauktae-cyclone-rain-pour-ajmer-weather-turns-cold-6850765/