Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

सोमवार, 23 अगस्त 2021

पापा में दिल्ली आ रही हू,फंदे से लटकी विवाहिता, हत्या का आरोप

PALI SIROHI ONLINE

अलवर में रहने वाली 32 साल की भारती ने रविवार को फांसी लगा ली। 4 साल पहले सुलभ कंसल से उसकी शादी हुई थी। दोनों ने मैच मेकिंग साइट (शादी डॉट कॉम) से एक-दूसरे को पसंद किया था। पति व सास-ससुर उसे अस्पताल लेकर आए थे। शाम को दिल्ली से माता-पिता ने अलवर आकर पति सहित सास-ससुर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। उनका कहना है कि बेटी से एक दिन पहले ही बात हुई थी। वो दिल्ली आने वाली थी। ऐसा बिल्कुल नहीं लग रहा था कि वो सुसाइड कर सकती है। रविवार सुबह 10 बजे भारती का शव लेकर पति व सास-ससुर अस्पताल पहुंचे थे। उसके पति ने बताया कि घटना सुबह करीब 8 बजे की है।

भारती के माता मीना गौतम और पिता सुदेश गौतम ने बताया कि 2017 में दोनों की शादी हुई थी। शादी से पहले सुलभ कंसल ने भारती को बताया था कि उनके पास तेल मिल हैं। बाद में पता लगा ऐसा कुछ नहीं है। शादी के बाद सुलभ हम पर पैसे का दबाव बनाने लग गया। वह भारती को परेशान करता था। आए दिन उसे प्रताड़ित किया जाता था। कई रिश्तेदारों से भी उसने पैसे ले लिए थे।

भारती दिल्ली आने वाली थी
भारती के पिता ने बताया कि भारती से रक्षाबंधन से एक दिन पहले ही बात हुई थी। वह कह रही थी कि साड़ी पैक कर ली है। कुछ अन्य सामान भी लाने को बता रही थी। ऐसा कतई नहीं लगा कि वह आत्महत्या कर सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पति व सास-ससुर ने ही भारती की हत्या की है। परिजन आत्महत्या बता रहे हैं। पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

3 साल की बेटी है
पुलिस ने बताया कि भारती की 3 साल की एक बेटी है। ससुराल व पीहर पक्ष की ओर से अलग-अलग बात बताई जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही कुछ भी स्पष्ट हो पाएगा।