Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

मंगलवार, 26 मई 2020

पहले दिन हैदराबाद फ्लाइट कैंसिल, अहमदाबाद 20 मिनट लेट, दिल्ली निर्धारित समय पर पहुंची

पहले दिन हैदराबाद फ्लाइट कैंसिल, अहमदाबाद 20 मिनट लेट, दिल्ली निर्धारित समय पर पहुंची
मदनगंज : कोरोना की वजह से बंद हुई हवाई सेवा सोमवार से शुरू हो गई। पहले दिन तीन में से अहमदाबाद 20 मिनट देरी से और दिल्ली की फ्लाइट अपने निर्धारित समय पर पहुंची। लेकिन हैदराबाद की फ्लाइट को आंध्र प्रदेश सरकार ने उड़ने की अनुमति नहीं दी। यात्रियों के फ्लाइट की राशि रिफंड कर दी जाएगी लेकिन उन्हें एयरपोर्ट पर आने जाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भी हैदराबाद की फ्लाइट नहीं आएगी।
इधर अहमदाबाद और दिल्ली के लिए आने जाने वाले यात्रियों के सेनेटाइजेशन का पूरा ध्यान रखा गया। एयरपोर्ट के स्टाफ को भी सेनेटाइज करने और स्क्रीनिंग के बाद ही भीतर प्रवेश दिया गया। स्क्रीनिंग के बाद यात्रियों को क्वारेंटाइन होने के निर्देश दिए गए।
जानकारी के अनुसार हैदराबाद की फ्लाइट को सुबह 8.50 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा। फ्लाइट में जाने के लिए यात्री किशनगढ़ एयरपोर्ट पर पहुंच गए। काफी देर इंतजार करने के बाद जानकारी मिली कि आंध्र प्रदेश सरकार ने हैदराबाद फ्लाइट को कोरोना संक्रमण को देखते हुए उड़ने की अनुमति नहीं दी। हैदराबाद फ्लाइट से 40 यात्री आने थे और किशनगढ़ से हैदराबाद 43 यात्री को जाना था। फ्लाइट शुरू होने पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने उपखंड अधिकारी देवेंद्र कुमार यादव एयरपोर्ट पहुंचे और निदेशक अशोक कपूर से व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की।
अहमदाबाद से 23 यात्री आए, इंदौर फ्लाइट भी जल्द शुरू होने की संभावना
लॉकडाउन के चलते करीब दो माह बाद अहमदाबाद और दिल्ली की फ्लाइट किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंची। इसमें से अहमदाबाद की फ्लाइट अपने निर्धारित समय से बीस मिनट देरी से दोपहर 2.20 बजे एयरपोर्ट पर लैंड कर गई। 40 मिनट रूकने के बाद फ्लाइट ने 3 बजे अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी। फ्लाइट में अहमदाबाद से 23 यात्री आए और 12 वापस अहमदाबाद गए। इसी तरह दिल्ली की फ्लाइट भी अपने निर्धारित समय 3.50 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पर उतरी और 4.15 बजे वापस उड़ान भर गई। दिल्ली फ्लाइट में 29 यात्री आए और 17 यात्री दिल्ली के लिए उड़ान भर गए। इंदौर फ्लाइट की भी शुरू होने की संभावना नहीं है।
चिकित्सा विभाग की टीम ने यात्रियों से लेकर स्टाफ को किया सेनेटाइज्ड
फ्लाइट शुरू होने से पहले ही पूरे एयरपोर्ट को सेनेटाइज किया गया। इसके बाद हाडीरानी बटालियन, एयरपोर्ट के स्टाफ को भी सेनेटाइज्ड करने के बाद ही भीतर प्रवेश दिया गया। एयरपोर्ट पर यात्रियों को आते ही पहले सेनेटाइज्ड किया गया। यात्रियों के थर्मल स्क्रीनिंग के जरिये तापमान नापा गया। दो डॉक्टर और एक नर्सिंगकर्मी की टीम प्रत्येक यात्री की जांच कर रही थी। यात्रियों से आगमन की डिटेल भरवाई गई। उसके सामान को सेनेटाइज किया गया। यात्रियों में सोशल डिस्टेंसिंग का फॉलो किया गया। मुंह पर मास्क लगाए रखने की हिदायत दी गई। फ्लाइट से आए यात्रियों को क्वारेंटाइन करने के निर्देश दिए गए। वहीं इंदौर की फ्लाइट के शुरू होने की संभावना नहीं है।