Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

बुधवार, 27 मई 2020

गर्मी का रेड अलर्ट, इस सीजन में पहली बार 43 डिग्री पर पहुंचा पारा, रात के पारे में 6.6 डिग्री की गिरावट

गर्मी का रेड अलर्ट, इस सीजन में पहली बार 43 डिग्री पर पहुंचा पारा, रात के पारे में 6.6 डिग्री की गिरावट
उदयपुर : नाैपता के कारण गर्मी में राहत नहीं है। शहर में मंगलवार काे अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 43 पर जा पहुंचा। इससे दिन में गर्मी और ज्यादा चुभने लगी है। हालांकि हवा चलने से रात का पारा 6.6 डिग्री कम होने से रात में थोड़ी राहत मिली है। मौसम कार्यालय के अनुसार मंगलवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम 23.6 रहा। एक दिन पहले उदयपुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 30.2 डिग्री रहा था। अधिकतम पारे में लगातार बढ़ोतरी से अब सुबह से ही गर्म हवाएं चुभने लगी हैं। बढ़ती गर्मी के कारण घरों में धीरे-धीरे पंखे और कूलर भी जवाब देते नजर आने लगे हैं। इस साल मई में पहली बार उदयपुर का अधिकतम तापमान 43 डिग्री पहुंचा है। भले ही लॉक डाउन के कारण लोग घरों में हैं, लेकिन घर में भी दिन भर गर्मी सताने लगी है।
आगे क्या : प्रो. नरपत सिंह राठौड़ के अनुसार बीती रात हवा चलने से अचानक रात के तापमान में कमी आई है, लेकिन दिन के तापमान पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। बढ़ते तापमान के कारण अगले तीन-चार दिनों में उदयपुर सहित मेवाड़ में कई जगह शाम को तेज हवाएं चलने के आसार भी बन रहे हैं।
मानसून करीब अाते देख झीलाें के गेट का रखरखाव शुरू
तेज गर्मी के बीच जल संसाधन विभाग में आगामी मानसून को देखते हुए झीलों तालाबों के गेट के रखरखाव का काम शुरू कर दिया है। पहले दिन शहर में स्वरूप सागर के किवाड़ पर ऑयल-ग्रीस किया गया। अब फतहसागर, स्वरूपसागर लिंक, देवाली और चिकलवास में मदार नहर के गेट, जलबुर्ज-सीसारमा रोड पर लगे पीछोला के दक्षिणी गेट, देवास प्रथम बांध, मादड़ी बांध उदयसागर सहित अन्य झील तालाबों के गेट का रखरखाव का काम किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार गेटों के रखरखाव का काम 15-20 दिन में पूरा होने की उम्मीद है।