Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

बुधवार, 27 मई 2020

किशनगढ़ शहर में कहीं 42 ताे कहीं 47 डिग्री तक जा पहुंचा अधिकतम तापमान

किशनगढ़ शहर में कहीं 42 ताे कहीं 47 डिग्री तक जा पहुंचा अधिकतम तापमान












किशनगढ़ : नाैतपा में गर्मी का हाई अलर्ट जारी है। दोपहर को सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आया। आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। फल, सब्जी विक्रेता खुद छाया में जाकर खुद को ठंडे पानी का छिड़काव कर गर्मी से राहत की मशक्कत करते दिखे। लोग घरों में दुबके रहे। गर्मी के साथ ही लू के थपेड़ों ने हिट स्ट्रॉक के खतरे को बढ़ा दिया है। अब चिकित्सा विभाग ने अलर्ट जारी कर लोगों से धूप से बचने की अपील की है। मंगलवार दोपहर 1 बजे शहर के विभिन्न हिस्सों में जाकर अलग-अलग मोबाइल एप के जरिए तापमान को रिकॉर्ड किया। कई जगह अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया तो कहीं पर अधिकतम तापमान 47 डिग्री पहुंच गया। जब किसी शहर के आसपास का तापमान 42 डिग्री या इससे अधिक रहता है तब लू की कंडीशन बनती है। यदि 2 से 3 दिन तक 42 डिग्री से अधिक तापमान बना रहता है तब अलर्ट जारी कर दिया जाता है।

किशनगढ़ शहर में कहीं 42 ताे कहीं 47 डिग्री तक जा पहुंचा अधिकतम तापमान
उफ ये गर्मी

आज रहा सीजन का सबसे गर्म दिन
 दोपहर 1 बजे शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का तापमान नापा गया। इसके लिए टीम ने स्थानीय लोगों की मदद भी ली। कृष्णापुरी क्षेत्र में पुखराज सिंह पीके ने 1 बजे का मोबाइल से तापमान नोट किया तो अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह मझेला लिंक रोड पर रोहित कुमार ने तापमान दर्ज किया तो अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। पुरानी मिल चौराहे पर बबलू मालाकार ने तापमान नापा तो अधिकतम तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह पुराना शहर, हमीर गली में तापमान दर्ज किया गया तो 41 डिग्री देखने को मिला।
इसकी वजह पास में हमीर तालाब और गुंदोलाव झील होना भी हो सकता है। अलग-अलग जगह तापमान देखने को मिला। लेकिन अधिकारिक रूप से तापमान 42.5 डिग्री ही माना जा रहा है। जो इस सीजन का सबसे अधिक है। सोमवार काे अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि न्यूनतम दो दिन 31 डिग्री पर स्थिर है। मौसम विभाग के जानकारों ने अगले दो दिन तक दोपहर 1 से 5 बजे तक घर से न निकलने की सलाह दी है। मौसम विभाग ने भीषण गर्मी को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। 28 मई तक भीषण लू चलने का पूर्वानुमान जारी किया है।

किशनगढ़ शहर में कहीं 42 ताे कहीं 47 डिग्री तक जा पहुंचा अधिकतम तापमान
खुद को धूप से बचाती मासूम

लू से बचाव के लिए ये सावधानी जरूरी
डिप्टी कंट्रोल डॉ. केके तनवानी, डॉ. कपिल जायसवाल ने बताया कि अधिक तापमान से बॉडी में पानी की कमी हाे जाती है। अधिक मात्रा में पानी या अन्य तरल पदार्थ का सेवन करें। पूरी बांह के कपड़े पहनें। ऑफिस या घर से निकलते समय ये ध्यान रखें कि अचानक तेज धूप में न जाएं। निकलने के बाद पहले बरामदे या सीढ़ी पर कुछ देर खड़े रहें, जिससे शरीर तापमान के अनुसार एडजस्ट हाे जाए।