Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

शुक्रवार, 5 जून 2020

लॉकडाउन के कारण बंद विकास कार्यों से ग्रहण हटा, पालिका ने वर्कऑर्डर जारी किए

लॉकडाउन के कारण बंद विकास कार्यों से ग्रहण हटा, पालिका ने वर्कऑर्डर जारी किए
 जोधपुर/फलोदी, लॉकडाउन के कारण विकास कार्यों पर लगा विराम अब हटने लगा है। सरकारी क्षेत्रों में भी विकास कार्य शुरू होने लगे हैं व कुछ के आदेश जारी हुए हैं और उम्मीद है कि दो-तीन दिन में विकास कार्य शुरू हो जाएंगे। नगरपालिका चुनाव के बाद गठित नए कांग्रेसी बोर्ड ने विकास कार्यों की शुरुआत के लिए 19 मार्च को प्रथम टैंडर किया था, इसमें 4 विकास कार्य के लिए निविदा आमंत्रित थी, लेकिन 25 मार्च को लॉकडाउन के कारण इन विकास कार्यों के लिए वर्क ऑर्डर जारी नहीं हो सके और यह काम बीच में ही लटक गए।
पालिकाध्यक्ष पन्नालाल व्यास ने बताया कि इन विकास कार्यों के लिए अब वर्क ऑर्डर जारी किए गए हैं व 3 जून से सभी विकास कार्य शुरू हो जाएंगे। इनमें मलार रोड पर स्थित कचरा संग्रहण केंद्र परिसर में दो कमरे, चारदीवारी व बाथरूम व टीन शेड का निर्माण करवाया जाना है। इस पर 39 लाख 12 हजार रुपए का खर्च आएगा।
नगरपालिका के पास कचरा संग्रहण स्थल के लिए यहां 50 बीघा जमीन है, इसमें से 30 बीघा कचरा संग्रहण में उपयोग हो रही हैं व शेष 20 बीघा में यह काम करवाया जाना है। इसके अलावा कचरा संग्रहण स्थल पर ही ग्रेवल सड़क का कार्य 15 लाख 12 हजार की लागत से करवाया जाएगा।
इनके अलावा वार्ड नंबर 1 से 20 तक डामर पेचवर्क कार्य लागत 17 लाख 19 हजार व वार्ड 21 से 40 तक डामर सड़क पेचवर्क का कार्य किया जाएगा। इस पर 18 लाख 82 हजार की लागत आएगी। यह सभी कार्य 2 सितंबर तक पूरे हो जाएंगे।
ईओ अनिल कुमार ने बताया कि ठेकेदारों को निर्धारित तय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अंडर ब्रिज पर छत लगाने का कार्य भी शुरू हो गया है। लॉकडाउन के कारण यह काम भी ठप हो गया था। छत नहीं होने से बारिश का पानी ब्रिज में एकत्रित हो जाता है। किले के सौंदर्यीकरण व विकास कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है।