नगर निगम उत्तर और दक्षिण के लिए गुरुवार काे दाेनाें दलाें ने महापाैर प्रत्याशी घोषित कर दिए। दाेनाें रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष पांच प्रत्याशियों ने नामांकन भरे हैं। उत्तर से दो और दक्षिण से तीन प्रत्याशियों ने नामांकन जमा करवाए गए हैं। निगम उत्तर से कांग्रेस ने कुंती परिहार (देवड़ा) को मैदान में उतरा है, तो भाजपा की ओर से डॉ. संगीता सोलंकी ने नामांकन भरा।
निगम दक्षिण में भाजपा प्रत्याशी के रूप में वनिता सेठ ने नामांकन भरा ताे उनके सामने कांग्रेस की पूजा पारीक और निर्दलीय हेमलता परिहार ने भी नामांकन भरे हैं। परिहार ने दोनों ही दलों से टिकट मांगा था। शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी, इसके बाद शनिवार दोपहर तीन बजे तक नाम वापसी हो सकेगी। दोनों ही दलों के प्रत्याशी मैदान में रहते हैं तो 10 नवंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे के बीच मतदान होगा।
भाजपा प्रत्याशियों ने पहले जमा करवाए
महापौर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा सबसे पहले भाजपा ने की। दोपहर 12.15 बजे निगम दक्षिण से भाजपा की वनिता सेठ ने नामांकन भरा। दोपहर 1.15 बजे निगम उत्तर से भाजपा प्रत्याशी के रूप में डॉ. संगीता सोलंकी ने नामांकन जमा करवाया। इसके बाद दोनों निगम से कांग्रेस प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र जमा करवाए।
कुंती ने पहले नामांकन भरा बाद में सिंबल जमा
उत्तर से कांग्रेस प्रत्याशी कुंती देवड़ा नामांकन भरने के लिए 12.45 बजे सोजती गेट स्थित पुराने नगर निगम कार्यालय पहुंचीं और रिटर्निंग अधिकारी एमएल नेहरा को दो सेट में अपना परचा सौंपा। उनके फाॅर्म में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर नाम अंकित था, लेकिन पार्टी सिंबल व टिकट नहीं था। नामांकन भरने के बाद वे बाहर निकली तब आरओ ने उनसे सिंबल के बारे में पूछा। इसके कुछ ही देर बाद कांग्रेस की ओर से उनका सिंबल व टिकट जमा करवा दिया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today