भुवनेश पंड्या
उदयपुर. प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की दूरदर्शिता ने उदयपुर जिले से लेकर संभाग व अन्य राज्यों से आने वाले हजारों मरीजों की जिंदगियां बचाई हैं। यहां महाराणा भूपाल हॉस्पिटल में सरकार की ओर से इस वर्ष बनवाए गए दो ऑक्सीजन प्लांट बड़ी मात्रा में प्राणवायु उगलकर लोगों को सहारा दे रहे हैं। सरकार ने 1 करोड़ 75 लाख रुपए से ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट व लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट लगवाया है।
-------
गत वर्ष कोरोना में ऑक्सीजन की मांग को देखते हुए मिले प्लांट गत वर्ष मार्च-अप्रेल माह में जैसे ही कोरोना संक्रमण का हमला हुआ तो मुख्यमंत्री गहलोत ने अपनी दूरदर्शिता से उदयपुर को दो ऑक्सीजन प्लांट दिए। इसमें ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट 73. लाख की लागत से तैयार किया गया है, जबकि लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट करीब एक करोड़ से अधिक की राशि में तैयार किया गया है। इसके बाद जनवरी माह में ये दोनो प्लांट एमबी चिकित्सालय में बनकर तैयार हो गए, हालांकि जब इनकी नींव डली तो कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही थी, लेकिन इसके ठीक कुछ समय बाद ही जब मार्च माह में कोरोना की दूसरी लहर लौटी तो अब तक हॉस्पिटलों में हाहाकार मच रहा है, यदि उस समय तो ये प्लांट तैयार नहीं किए जाते तो जाने मौतों की संख्या कितने गुना होती।
----------
ऐसे मिल रही ऑक्सीजन - एमबी का ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट करीब 125 सिलेंडर प्रतिदिन गैस बना रहा है। प्रत्येक सिलेंडर में सात क्यूबिक मीटर ऑक्सीजन होता है। बडे सिलेंडर डी टाइप के होते हैं। - लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट में अब तक करीब 55 केएलडी, किलोलीटर ऑक्सीजन डाली गई है, जिसमें से एक किलोलीटर में 110 सिलेंडर भरे जाते है। अब तक 6050 सिलेंडर्स इस ऑक्सीजन से मिल चुके हैं।
-------------
प्रति मिनट एचएफओ में 60 लीटर ऑक्सीजन एमबी के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ रमेश जोशी ने बताया कि किसी भी मरीज को ऑक्सीजन उसके फेंफड़ों बहुत तेजी से दी जाती है, ताकि उसका ऑक्सीजन लेवल 90 से ऊपर जा सके। उसे दो लीटर प्रति मिनट से लेकर हाई फ्लो ऑक्सीजन सिस्टम में 60 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन दी जाती है।
----------
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की दूरदर्शिता से लोगों का जीवन बच रहा है, यदि ये प्लांट नहीं होते तो शायद अभी जो ऑक्सीजन की जरूरत है उससे कई गुना बढ़ जाती। ये दोनों प्लांट बेहतर तरीके से काम कर रहे है। दोनों प्लांट से नियमित ऑक्सीजन लोगों को सप्लाई की जा रही है। दोनो प्लांट मुख्य लाइन से भी जोड़े गए हैं, ताकि जल्द से जल्द मरीज को जरूरत के अनुसार ऑक्सीजन मिल सके।
डॉ आरएल सुमन, अधीक्षक एमबी हॉस्पिटल उदयपुर
source https://www.patrika.com/udaipur-news/the-chief-minister-s-foresight-saved-many-lives-the-two-oxygen-plants-6817648/