Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

गुरुवार, 1 अप्रैल 2021

Gold smuggling: जयपुर एयरपोर्ट पर तीन अलग-अलग कार्रवाई में पकड़ा 52 लाख का सोना

जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर तीन अलग-अलग कार्रवाई में करीब 52 लाख का सोना पकड़ा गया। कस्टम विभाग ने मंगलवार रात और बुधवार सुबह और देर शाम तीन यात्रियों से करीब 52 लाख रुपए का 1148 ग्राम सोना बरामद किया है। इनमें से दो यात्री रेडियो बैटरी में और एक यात्री पोर्टेबल स्पीकर में सोना छिपाकर लाया था।
पहला मामला
पहले मामलें में 16 लाख रुपए कीमत का सोना पकड़ा गया। यह सोना दुबई से फ्लाइट में तस्करी कर लाया गया। करीब 347 ग्राम सोने को यात्री ने रेडियो की बैटरी में छिपा रखा था। कस्टम आयुक्त एमएल शेरा ने बताया कि पकड़ा गया यात्री शाहिद अली सीकर जिले में लक्ष्मणगढ़ तहसील का रहने वाला है। वह मंगलवार रात को दुबई से फ्लाइट में जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा।
यहां मौजूद कस्टम विभाग के कर्मचारियों की चैकिंग देखकर वह सकपका गया। संदेह होने पर कस्टम विभाग ने शाहिद अली के सामान को बारीकी से चेक किया। तब उसके ट्रॉली बैग में रखे रेडियो को खोलकर देखा गया। इसमें करीब दो इंच लंबाई वाली दो स्टील की ठोस छड़ें बरामद हुई, जो कि नीले रंग के टेप में लिपटी हुई थी। इन दोनों को काटकर देखा तो स्टील की ट्यूब में ठूंस कर रखी हुई सोने की दो छड़ें बरामद हुई।
मुफ्त किराया और एक हजार रुपए का लालच
शाहीद अली ने कस्टम अधिकारियों को पूछताछ में बताया कि उसे यह रेडियो दुबई में एक व्यक्ति ने ट्रॉली बैग में रख कर दिया था। उसे बताया गया था कि जयपुर एयरपोर्ट के बाहर एक आदमी यह रेडियो लेने आएगा। इस काम के लिए उसने शाहिद अली की दुबई से जयपुर की हवाई टिकट करवा दी थी और साथ ही ट्राली बैग को एयरपोर्ट के बाहर लेने आने वाला व्यक्ति भी एक हजार रुपए नकद देने वाला था।
दूसरा मामला
कस्टम विभाग के कमिश्नर सुभाष अग्रवाल ने बताया कि बुधवार सुबह दूसरी कार्रवाई में शारजहां से एयर अरेबिया की फ्लाइट में आ रहे एक यात्री से 435 ग्राम सोना पकड़ा। वह यह सोना एक वायरलेस पोर्टेबल स्पीकर और फेस मसाजर में छिपाकर लाया था। इसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए आंकी गई है। अग्रवाल ने बताया कि पकड़ा गया यात्री सोमेश चैंबूर मुंबई का रहने वाला है। बुधवार सुबह पौने 4 बजे शारजहां से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा। उसके सामान की तलाशी में एक पोर्टेबल स्पीकर मिला। शक होने पर स्पीकर को गैस कटर से काटने पर 262 ग्राम की रॉड और सिलेंड्रिकल आकार में 173 ग्राम सोना मिला। इस पर यात्री से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने भी पैसे के लालच में सोना तस्करी करना कबूल किया। हालांकि सोने की कीमत 20 लाख से कम होने पर यात्री को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन सोना जब्त कर लिया है।
तीसरा मामला
कस्टम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एयर इंडिया की फ्लाइट से आए एक यात्री से 348 ग्राम सोना पकड़ा गया, जिसकी कीमत करीब 16 लाख रुपए आंकी गई है। यात्री यह सोना ट्रांजिस्टर रेडियो में छुपाकर लाया था। कस्टम विभाग ने 24 घंटे में यह तीसरी बड़ी सफलता प्राप्त की।



source https://www.patrika.com/jaipur-news/gold-worth-52-lakhs-caught-in-three-separate-actions-at-jaipur-airport-6774244/