Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

गुरुवार, 27 मई 2021

Corona Update : पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामलों में आई गिरावट, जानिये ताजा आंकड़े


 कोरोना महामारी की दूसरी लहर में एक महीने से अधिक समय बाद सक्रिय मामलों की संख्या 25 लाख से नीचे आई है। लगातार 13वें दिन स्वस्थ्य होने वाले लोगों की संख्या भी नए मामलों से ज्यादा रही। यहीं नहीं एक दिन में 22 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच भी की गई है जो एक रिकार्ड है। इसके साथ ही संक्रमण दर भी घटकर 9.42 फीसद पर आ गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों में 91,191 की गिरावट आई है और वर्तमान में एक्टिव केस 24,95,591 रह गए हैं, जो कुल संक्रमितों का 9.19 फीसद है। इससे पहले 22 अप्रैल को 25 लाख से कम सक्रिय मामले (24,28,775) थे। मंत्रालय ने बताया कि कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए मंगलवार को देश भर में 22,17,320 नमूनों की जांच की गई। 

एक दिन में जांचे गए नमूनों की यह सर्वाधिक संख्या है। इनको मिलाकर अब तक कुल 33 करोड़ 48 लाख 11 हजार 496 नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। कोरोना संक्रमण दर घटकर 9.42 फीसद पर आ गई है। लगातार दूसरे दिन संक्रमण दर 10 फीसद से नीचे रही है।


मंगलवार को संक्रमण दर 9.54 फीसद थी। साप्ताहिक संक्रमण दर 11.45 फीसद है। मंत्रालय के मुताबिक मरीजों के स्वस्थ होने की दर लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में उबरने की दर 89.66 फीसद है। हालांकि, मृत्युदर में भी लगातार वृद्धि हो रही है जो सबसे चिंता का कारण है। मौजूदा समय में मृत्युदर 1.15 फीसद है।