Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

रविवार, 31 मई 2020

एक दिन में 8 केस ; बारां, सीसवाली, समरानियां में मिले संक्रमित आमली में अधेड़ की मौत के बाद आई पॉजिटिव रिपोर्ट से हड़कंप

एक दिन में 8 केस ; बारां, सीसवाली, समरानियां में मिले संक्रमित आमली में अधेड़ की मौत के बाद आई पॉजिटिव रिपोर्ट से हड़कंप
बारां : जिले में शनिवार को एक ही दिन में आठ केस सामने आने से हड़कंप मच गया। बारां सहित जिले की चार तहसीलों में पॉजिटिव केस मिले हैं। बारां में 5, समरानियां, सीसवाली और अटरू के आमली में एक-एक केस पॉजिटिव आया। इनमें से आमली निवासी अधेड़ की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार हो चुका है। इसके बाद उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। चिकित्सा विभाग कंटेनमेंट प्लान बनाकर संक्रमित लोगों की केस हिस्ट्री खंगाल रहा है। संपर्क में आए लोगों को होम आइसोलेट, क्वारेंटाइन जा रहा है। सुबह के दो संक्रमितों को कोटा भेजा है। शेष को कोटा भेजने की तैयारी की जा रही है।
इनके संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार की जा रही है। इसी के हिसाब से उनकी सेंपलिंग भी की जाएगी।
सीएमएचओ डॉ. संपतराज नागर ने बताया कि शनिवार सुबह के समय दो जनों की रिपोर्ट जिसमें से एक तालाबपाड़ा निवासी संक्रमित महिला के 60 वर्षीय देवर की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। वहीं इंदौर से समरानियां पहुंचे परिवार की 15 वर्षीय किशोरी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। चिकित्सा विभाग की टीम सुबह के समय दोनों संक्रमितों के क्षेत्र में कंटनेमेंट जोन प्लान तैयार कर स्क्रीनिंग और सर्वे कर रही है। किशोरी को 108 एंबुलेंस की मदद से कोटा भेजा गया। तालाबपाड़ा क्षेत्र की संक्रमित महिला के देवर आमापुरा क्वारिन्टाइन सेंटर में भर्ती थे।
उन्हें भी कोटा भेज दिया है। विभाग ने दोनों जगह आवश्यक गतिविधियां की हैं। शाम की रिपोर्ट में बारां में चार, सीसवाली और अटरू के आमली से एक-एक जने की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।
शाम की रिपोर्ट में पांच जने मिले पाॅजिटिव
चिकित्सा विभाग के अनुसार बारां जिला अस्पताल में आए 39 वर्षीय युवक, बारां हॉस्पिटल रोड निवासी 22 साल व 31 वर्षीय युवक, संक्रमित महिला के 65 वर्षीय पति पॉजिटिव आए हैं। वहीं सीसवाली के 25 वर्षीय महिला और अटरू के आमली 50 वर्षीय अधेड़ की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। रिपोर्ट मिलते ही इनके संपर्क में आए लोगों की सूची बनाना शुरू कर दिया। संबंधित क्षेत्र का कंटेनमेंट प्लान बनाकर स्क्रीनिंग व सर्वे किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. संपतराज नागर ने बताया कि समरानियां व बारां में स्क्रीनिंग और सर्वे शुरू करा दिया है। समरानियां में 200 घरों का सर्वे किया है। बालिका को 108 एंबुलेंस की मदद से कोटा भेजा गया है।
संक्रमित महिला के देवर व पति की रिपोर्ट मिली पॉजिटिव
शहर की तालाबपाड़ा निवासी महिला को किडनी की बीमारी होने से कोटा दिखाया था। 26 मई को बारां से एमबीएस कोटा रैफर किया था। उसके 65 वर्षीय पति व 60 वर्षीय देवर की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इनको अभी क्वारिन्टाइन सेंटर में रखा गया था।
समरानियां में 22 मई को इंदौर से लौटा था किशोरी का परिवार
समरानियां| शाहाबाद ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. शेख आरिफ ने बताया कि समरानियां निवासी बालिका और उसका परिवार इंदौर से 22 मई को समरानियां लौटे। इनको होम आइसोलेट किया है। 28 मई को लिए गए सेंपल में 15 वर्षीय किशोरी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इसके संपर्क में परिजनों के सेंपल लिए गए हैं। किशोरी और उसके पिता को कोटा भेज दिया है। साथ ही क्षेत्र में स्क्रीनिंग और सर्वे प्रारंभ कर दिया है।



एक दिन में 8 केस ; बारां, सीसवाली, समरानियां में मिले संक्रमित आमली में अधेड़ की मौत के बाद आई पॉजिटिव रिपोर्ट से हड़कंप
बारां. घर-घर जाकर सर्वे करती चिकित्सा टीम

दिल्ली से आए थे 3 जने, तीनों ही मिले संक्रमित
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि जिला अस्पताल में ऑक्सीजन लाइन ठीक करने मैकेनिक आया था। जिसकी जांच में कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। वहीं शहर में हॉस्पीटल रोड निवासी एक युवक दिल्ली में डीटीसी बस में कार्यरत है। उसे परिवार सहित लेने के भाई बारां से गया था। जो सबको लेकर बारां आ गया था। यहां युवक व भतीजे की तबीयत बिगड़ने पर उनका सेंपल लिया था। इनकी रिपोर्ट भी जांच में पॉजिटिव मिली है। समरानियां में किशोरी के संपर्क में आए 22 जनों के सेंपल लिए गए हैं। बारां तालाबपाड़ा में 37 जनों की रिपीट सेंपलिंग की है।
पॉजिटिव क्षेत्र को किया जीरो मोबिलिटी घोषित
समरानियां| कस्बे में एक पॉजिटिव केस मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में जगह-जगह चिकित्सा टीम की ओर से सर्वे किया जा रहा है। ब्लाॅक सीएमएचओ डॉ. शेख आरिफ ने बताया कि बालिका एवं उसके पिता को कोटा भेजा। उसके घर के 11 सदस्यों को केलवाड़ा कोविड केयर सेंटर भेजा गया है। कस्बे में जैसे ही बालिका की रिपोर्ट पॉजिटिव आई वैसे ही आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए ओर जीरो मोबिलिटी की घोषणा की गई। इस दौरान एसडीएम दीनानाथ बब्बल, शाहाबाद डीएसपी कजोड़मल, बीडीओ छुट्टनलाल मीणा, केलवाड़ा थानाधिकारी नंद सिंह आदि मौजूद थे।
आमली निवासी अधेड़ के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे 50 जने
आमली निवासी अधेड़ की मृत्यु के बाद काेरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। अधेड़ की मृत्यु के बाद उसके शव को लाकर गांव में अंतिम संस्कार भी कर दिया। जहां उसके अंतिम संस्कार में 50 लोग शामिल होना बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही से पूरे गांव के लोग चिंतित हैं। ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. जेपी यादव ने बताया कि आमली निवासी अधेड़ के बेटा नहीं होने से दंपत्ति बेटी-दामाद के पास रहते हैं।
5 मई को तबीयत खराब होने पर चरड़ाना अस्पताल में दिखाया गया। वहां पर टीबी का सेंपल लिया गया। इसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर दवाइयां शुरू कर दी गई। खांसी होने पर 27 मई को सीधे ही बारां जिला अस्पताल पहुंच गया। जहां इसको भर्ती कर लिया गया। इसका सेंपल लिया गया। इसकी शनिवार सुबह मृत्यु हाे गई, जिसके बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। गांव ले जाकर सुबह करीब 11 बजे अंतिम संस्कार भी कर दिया। शाम को आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव आया है।
जिला अस्पताल पीएमओ डॉ. अख्तर अली ने बताया कि अधेड़ को टीबी के साथ खांसी और उल्टियां हो रही थी। रेंडम सेंपलिंग की थी। ट्रेवल हिस्ट्री नहीं होने से रिपोर्ट आने से पहले मृत्यु होेने से परिजनों को शव सौंप दिया गया।
शाहबाद क्षेत्र में भी कोरोना की दस्तक
केलवाड़ा| समरानियां में इंदौर से अपने परिवार से मिलने आई एक बालिका कोरोना पॉजिटिव मिलने से हड़कंप मच गया। रविवार को सुबह से ही मेडिकल टीम के अलावा डीएसपी कजोड़ मल के साथ थाना प्रभारी नंद सिंह मय पुलिस जाब्ते के समरानियां पहुंचे और एक किलोमीटर व्यास में पूरे मोहल्ले को सील करते हुए धारा 144 लगा कर जीरो मोबिलिटी क्षेत्र घोषित कर दिया। वहीं बालिका व उसके पिता को कोटा रवाना किया। परिवार को सीताबाड़ी कोविड केयर सेंटर में भर्ती किया।
सीसवाली| कस्बा निवासी प्रसूता कोरोना जांच में पॉजिटिव मिली है। परिजनों ने बताया कि युवक कोटा में रहकर कारीगरी करता है। पत्नी के साथ 26 मई को गांव आया थ। 27 मई को तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में दिखाया। वहां से बारां भेज दिया गया। बारां आइसालेशन वार्ड में शुक्रवार सुबह डिलेवरी हो गई। उसे कोटा रैफर कर दिया। रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।