Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

गुरुवार, 4 जून 2020

ग्रीन हाउस इफेक्ट; 0.9 डिग्री बढ़कर 40.4॰ पहुंचा अधिकतम पारा

ग्रीन हाउस इफेक्ट; 0.9 डिग्री बढ़कर 40.4॰ पहुंचा अधिकतम पारा
कोटा,बुधवार काे बादल छाए रहने के बावजूद शहर के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ाेतरी दर्ज की गई। मंगलवार के मुकाबले अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री बढ़कर 40.4 डिग्री पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 3 डिग्री बढ़कर 27.6 डिग्री पहुंच गया। माैमस विभाग के अनुसार ऐसा ग्रीन हाउस इफेक्ट की वजह से हुआ। आम ताैर पर चक्रवात की वजह से तापमान में गिरावट आती है। माैसम विभाग जयपुर के डायरेक्टर शिवगणेश ने बताया कि ग्रीन हाउस इफेक्ट यानी बादल छाने की वजह से जमीन के अंदर से निकलने वाली गर्मी ऊपर नहीं जा पाती। इस वजह से तापमान बढ़ जाता है।
हालांकि बादलों की वजह से मौसम में नमी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार सुबह 8:30 बजे की आर्द्रता 42 प्रतिशत रही और शाम को 38 फीसदी रिकॉर्ड की गई। वहीं, मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के बाद शहर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। रात 10.30 बजे भी बारिश हुई। इसके अलावा अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान निसर्ग का कोटा में असर देखने को नहीं मिला। इसका मूवमेंट राजस्थान की तरफ आने वाला था। लेकिन, अचानक इसका मूवमेंट बदलने से यह एमपी की ओर चला गया।
हालांकि निसर्ग के मामूली असर से नमी हुई। लेकिन, तेज बारिश नहीं हुई। वातावरण में नमी की वजह से शाम को पारे में लगभग 5.4 डिग्री की गिरावट आई। दोपहर 3:30 बजे पारा 37.5 डिग्री रहा। वहीं शाम 8:30 बजे 32 डिग्री पहुंच गया।
न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोटा प्रदेश में चौथे नंबर पर
मौसम विभाग के अनुसार न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोटा प्रदेश में चौथे नंबर पर रहा है। बुधवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान जैसलमेर का 41.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद बाड़मेर का 41.2 डिग्री और बीकानेर का 40.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद कोटा का अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सबसे अधिक बाड़मेर का 30.5 डिग्री रहा। इसके बाद बीकानेर का 27.9, जोधपुर का 27.7 और कोटा का न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
आज तेज बारिश और आंधी की संभावना
बुधवार को शहर में 40 से 50 किलोमीटर तेज हवाओं के साथ तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 5 जून को 40 से 50 किलोमीटर प्रति तेज रफ्तार से झोंकेदार हवा चलेगी। साथ ही बारिश का भी अलर्ट जारी किया है।