Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

गुरुवार, 22 अक्तूबर 2020

मास्क जेब में, सोशल डिस्टेंस ताक पर, 3 घंटे तक रेंगा शहर...केंद्र के कृषि बिलों के खिलाफ संभाग स्तरीय विरोध की शुरुआत उदयपुर से

केंद्र सरकार की ओर से पारित कृषि बिलों के विरोध में यूथ कांग्रेस ने राजस्थान में संभाग स्तरीय प्रदर्शन की शुरुआत बुधवार को उदयपुर से की। यहां किसान आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और करीब 50 ट्रैक्टर शामिल थे। ऐसे में कोरोना गाइड लाइन तो टूटी ही, शहर में जाम की स्थिति भी बन गई। करीब तीन घंटे तक चेतक सर्किल से कलेक्ट्रेट सहित वॉल सिटी व अन्य इलाकों में यातायात रेंग-रेंग कर चला। जाम का असर हाथीपोल, अश्विनी बाजार और देहलीगेट तक दिखाई दिया। लोग परेशान रहे। प्रदर्शन के बाद पदाधिकारियों ने एडीएम सिटी संजय कुमार काे राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा और बिल वापस लेने की मांग की।

काेराेना संक्रमण और धारा 144 के बीच प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास ने कलेक्ट्री में मीडिया से कहा कि माेदी सरकार गूंगी-बहरी है। उसे जगाने के लिए इस तरह का प्रदर्शन जरूरी था। किसान देश की रीढ़ हैं और केंद्र सरकार उसी काे तोड़ने और खत्म करने के लिए कृषि बिल लाई है। कांग्रेस ने हमेशा किसानाें की चिंता की है। वह माेदी सरकार की तरह टेलीविजन सरकार नहीं है जाे तीन-चार लाेगाेंं के लिए कृषि बिल ले आई। प्रदर्शन के बाद कविता क्षेत्र के एक रिसाेर्ट में युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्य समिति की बैठक हुई। इसमें आगामी रणनीति तैयार की गई।

रैली में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी, प्रदेश अध्यक्ष घोघरा समेत सीडब्ल्यूसी सदस्य रघुवीर मीणा, पूर्व मंत्री मांगीलाल गरासिया, एआईसीसी सदस्य विवेक कटारा, युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अब्राहम राॅय मणि, राष्ट्रीय महासचिव सीताराम लांबा, राष्ट्रीय सचिव पलक वर्मा, मंजू ताेगड़, शहर विधानसभा अध्यक्ष रवि सुखवाल, प्रदेश महासचिव माहिन खान मेकश, अभिमन्यु सिंह झाला आदि शामिल थे।

हाथीपोल से देहली गेट तक जाम का असर

रैली सुबह 10 के बजाय दोपहर एक बजे मोहता पार्क से शुरू हुई। चेतक सर्कल, हाथीपोल, अश्विनी बाजार, देहली गेट होते हुए दोपहर दो बजे कलेक्ट्री तक पहुंची। ट्रैक्टरों के काफिले और कार्यकर्ताओं के रेले से चेतक सर्किल जाम हो गया। भीड़ ने मोहता पार्क से चौराहे तक करीब 150 मीटर की दूरी 20 मिनट में तय की थी। स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे कामों के कारण दोहरी परेशानी हुई। रैली कलेक्ट्रेट पहुंची तो हाथीपोल, अश्विनी बाजार और देहली गेट पर भी ऐसे ही हालात बन गए।

त्योहारी सीजन के कारण व्यस्त इन बाजारों में यातायात बाधित हुआ तो इसका असर वॉल सिटी तक पड़ा। ट्रैफिक रेंग-रेंग कर चला। आधा किमी के सफर में ही 20 मिनट तक लगे। कई जगह वाहन फंसते रहे। धानमंडी के रास्ते से जाम के हालात रहे। गाड़ियां रेंगते हुए गलियों से गुजरीं। इधर हाथीपोल पर भीड़ देख लोगों ने खटीकवाड़ा-बोहरवाड़ी का रास्ता पकड़ा तो इन इलाकों में भी जाम लग गया।

जयपुर तक पहुंची बात, तब मिल पाई रैली की इजाजत

रैली 10 बजे शुरू होनी थी, लेकिन सुबह तक प्रशासन ने मंजूरी नहीं दी। पुलिस ने प्रमुख रास्ताें पर जाब्ता तैनात कर दिया। ग्रामीण विधानसभा क्षेत्राें से ट्रैक्टर लेकर आए कार्यकर्ताओं को शहर से बाहर ही राेक दिया गया। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार हाेने के बावजूद प्रदर्शन की अनुमति नहीं देने की शिकायत राजधानी जयपुर तक हुई। आखिरकार प्रशासन को रैली में 50 ट्रैक्टर शामिल करने की अनुमति देनी पड़ी। फिर 11 बजे रामपुरा की तरफ से 21 और फतहपुरा की तरफ से 8 ट्रैक्टर माेहता पार्क के बाहर पहुंचे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
In the mask pocket, social distance stare, Renga city for 3 hours ... Divisional level protest against the Centre's agricultural bills starts from Udaipur