Rajasthan Village News

राजस्थान के गांवो की ताज़ा खबरें हिंदी में

रविवार, 29 अगस्त 2021

पत्नी की हत्या कर ससुर को फोन पर कहा- फोन नहीं उठा रही

PALI SIROHI ONLINE

जयपुर में एक युवक ने अपनी पत्नी की रस्सी से गला घोंटकर सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि वह उसे बाथरूम में टॉवेल नहीं दे पाई थी। हत्या करने के बाद उसने पत्नी के फोन पर 30 कॉल किए थे। बाद में अपने ससुर को फोन करके कहा- वो फोन नहीं उठा रही है। मानसरोवर थाना पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया गया है कि 25 अगस्त को जूते घर के बाहर उतारने और हाथ सैनिटाइज करने की बात को लेकर दोनों के बीच में विवाद हुआ था। फॉरेंसिक टीम से सैंपल व सबूत मिलने पर पति को शुक्रवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया था।

मानसरोवर थानाधिकारी दिलीप सोनी ने बताया कि बलदेवनगर मांग्यावास निवासी ऋषिराज (34) जयपुर में प्रॉपर्टी डीलर है। उससे पूछताछ में जानकारी मिली है कि दोनों के बीच में पिछले नौ महीने से विवाद चल रहा था। 2015 में शिखा शर्मा (32) से उसकी शादी हुई थी। उनकी 5 साल की बेटी आराध्या व 3 साल का बेटा वियांश है। दोनों के बीच में अक्सर झगड़ा होता रहता था।

ट्यूशन गए थे दोनों बच्चे
बुधवार दोपहर को ऋषिराज घर पर आया था। शिखा सिलाई कर रही थी। वह सीधे जूते पहनकर कमरे में आ गया। तब शिखा ने उसे जूते बाहर उतारकर हाथों को सैनिटाइज करने के लिए बोला। इससे ऋषि नाराज हो गया। दोनों के बीच में कहासुनी शुरू हो गई। ऋषि मारपीट करने लग गया। तब दोनों बच्चे ट्यूशन पढ़ने के लिए गए हुए थे। दोनों के बीच में काफी देर तक बहस होती रही।

अंगुलियां भी रस्सी के दबाव से टूटी
ऋषिराज गुस्से में बाथरूम में चला गया। उसने आवाज लगाकर तौलिया मांगा। शिखा ने उसे तौलिया नहीं दिया तो वह रस्सी लेकर आ गया। उसने शिखा का गला रस्सी से दबा दिया। शिखा ने खुद को बचाने के लिए अंगुलियां लगाई तो वे भी दबाव से टूट गई। शिखा के मरने के बाद भी ऋषिराज ने कंफर्म करने के लिए रस्सी से उसका गला दबाया, फिर वह उसे छोड़ कर गाड़ी लेकर चला गया। वह पेट्रोल पंप पर तेल भराने लगा। तभी उसने शिखा के मोबाइल पर लगातार 30 फोन किए, जिससे किसी को शक नहीं हो। ससुर विष्णु को फोन कर बोला कि शिखा फोन नहीं उठा रही है। वे फ्लैट पर पहुंचे तो शिखा फर्श पर पड़ी मिली। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस को गुमराह करता रहा शिखा के पिता ने शुक्रवार को हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। ऋषिराज पुलिस को गुमराह करता रहा कि उसे लगातार धमकी मिल रही थी। उसने एक शिकायत भी 9 महीने पहले दी थी। उसने कहा कि उसकी पत्नी को उन्हीं लोगों ने मारा है। शिखा के गले व शरीर पर चोट के निशान से पुलिस को शक हुआ। फॉरेंसिक रिपोर्ट में गले पर अंगुलियों के निशान मिले। फर्श पर भी दोनों के पैरों के निशान मिले। सख्ती से पूछताछ हुई तो मामले का खुलासा हुआ।